बुधवार, 11 अप्रैल 2012

"पत्रकारिता कोश" का १२वाँ अंक लोकार्पित

मुंबई, १० अप्रैल २०१२ , अथक सेवा संघ द्वारा घाटकोपर में आयोजित एक समारोह में भारत की प्रथम मीडिया डायरेक्टरी 'पत्रकारिता कोश-२०१२' का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत माननीय अतिथियों के दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। रवि यादव की सरस्वती वंदना के बाद काव्य रंग में गीतेश गीत, डॉ. मुकेश गौतम, डॉ. रजनीकांत मिश्र, सुरेश मिश्र व रास बिहारी पांडेय ने काव्य पाठ किया।

इस अवसर पर बोलते हुए मुंबई विश्वविद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष तथा गरवारे इंस्टीट्यूट में पत्रकारिता विभाग के समन्वयक डॉ. रामजी तिवारी ने कहा- भगवान विष्णु के १२वें अवतार थे श्रीराम। राशियों की संख्या १२ होती है। १२ महीनों से ऋतु चक्र पूरा होता है और यह "पत्रकारिता कोश" का १२वाँ अंक है जिसमें मीडिया जगत की संपूर्ण जानकारी समाहित है। उन्होंने आगे कहा कि यह कोश भारतीय मीडिया के बारे में पूरी सूचना व जानकारी उपलब्ध कराकर देश को जोड़ने का काम कर रहा है और इसे निरंतर जारी रखने की आवश्यकता है। समारोह अध्यक्ष व दोपहर का सामना के कार्यकारी संपादक प्रेम शुक्ल ने कहा कि "पत्रकारिता कोश" ने पहले अंक से लेकर अब तक के १२ वर्षों में लगभग ६०० फीसदी की वृद्धि दिखाई है जिससे मीडिया के लोकतंत्रीकरण का पता चलता है। इस अवसर पर भोजपुरी साहित्यकार डॉ. आशारानी लाल के भोजपुरी कथा संग्रह "सितली" के दूसरे संस्करण का विमोचन भी किया गया। डॉ. रामजी तिवारी ने "सितली" पर विशेष वक्तव्य के तहत कहा कि "सितली" के माध्यम से लेखिका ने नारी की सबलता को आवाज देते हुए भोजपुरी समाज के दुख दर्द को पाठकों के सामने लाने का प्रयत्न किया है।

स्टार न्यूज के वरिष्ठ संपादक जीतेंद्र दीक्षित ने कहा कि "पत्रकारिता कोश" में सटीक, सही व अद्यतन जानकारी है। इस अवसर पर निर्भय पथिक के संपादक अश्विनी कुमार बिजनेस भास्कर के परामर्श संपादक पी. अजय कुमार, हिंदी विद्या प्रचार समिति के मंत्री डॉ. राजेंद्र सिंह, राष्ट्रीय औद्योगिक इंजीनियरी संस्थान के राजभाषा अधिकारी व कवि सुरेश चंद्र जैन, महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड के सहायक निदेशक (राजभाषा) कलीम उल्लाह खान, कौमी फरमान पत्रिका के संपादक रईस खान, बिजनेस स्टैंडर्ड के प्रधान संवाददाता सुशील मिश्र, नवभारत के राजनीतिक संवाददाता सुरेंद्र मिश्र, हमलोग संस्था के अध्यक्ष एड. विजय सिंह आदि सहित अनेक पत्रकार व साहित्यकार उपस्थित थे।

कार्यक्रम के समय नवभारत के वरिष्ठ पत्रकार नामदार राही, अखिलेश कुमार मिश्र, दयाशंकर पांडेय, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के युवा नेता अरबिंद तिवारी, अक्रॉस मुंबई के संपादक संजय खिमेश्रा, दोपहर का सामना के संवाददाता श्रीश उपाध्याय, पुष्पराज मिश्र, शेषनारायण त्रिपाठी, रविन्द्र मिश्रा, नागेंद्र शुक्ल, पूर्ण विराम व एकता चक्र के संपादक यार मोहम्मद खान, बॉलीवुड ब्लॉग के संपादक मनोज यादव, मीडिया समाचार के संपादक पवन दुबे, लेखक सलाम उसमान शेख, निडर राही के संपादक पप्पू वर्मा, टाइम्स ऑफ ठाणे के संपादक दिनेश वर्मा, यशोहिन्द के संपादक दीपक वर्मा, उर्दू चैनल के संपादक कमर सिद्दीकी, विकलांग की पुकार के कार्यकारी संपादक सरताज मेहदी, विद्युत ध्वनि के संपादक राकेश मणि तिवारी, आजका दौर के संपादक श्याम सुंदर शर्मा, लेखिका मधुलता अरोड़ा, पत्रकार लक्ष्मी यादव, जनखुलासा के संपादक सौदागर जाधव, संवाद शक्ति के संपादक पवन तिवारी, हिन्दुस्तान की आवाज के संपादक मुक़ीम शेख, जगत प्रहरी के प्रबंध संपादक मुश्ताक खान, तेजस्वी दुनिया के संपादक महेश शर्मा, निर्भय पथिक के संवाददाता सुरेंद्र दुबे, हमारा महानगर के संवाददाता हरिश्चंद्र पाठक, मुंब्रा दर्पण समाचार के संवाददाता लहिरी मियाँ, ज्योतिषि लेखक आचार्य पवन त्रिपाठी, मजमूए-सदाक़त के सहायक संपादक सैयद फरमान अली, वरिष्ठ पत्रकार सैयद मुमताज रिज़्वी, पत्रकार किशोर पणिकर, समाजसेवी अरूण सिंह, कवि अनिल त्रिपाठी कड़क, दुर्गा वाहिनी महिला संगठन की अध्यक्षा व ज्वलंत समाचार की संपादक मीता सिंह के अलावा साहित्य, पत्रकारिता व कला जगत से संबद्ध अनेक विभूतियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में "पत्रकारिता कोश" के संपादक आफताब आलम तथा "सितली" की रचनाकार डॉ. आशा रानी लाल ने भी अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अथक सेवा संघ के अध्यक्ष अनिल गलगली ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनंत श्रीमाली ने किया जबकि आभार प्रदर्शन पत्रकारिता कोश के सहायक संपादक राजेश विक्रांत ने किया।

मुंबई से आफताब आलम की रपट

कोई टिप्पणी नहीं: