बृहस्पतिवार, 2 मई 2013

येल विश्वविद्यालय में कथा गोष्ठी का आयोजन


अप्रैल २०१३ में, येल विश्वविद्यालय में वहीं के दक्षिण एशियाई अध्ययन परिषद् और सीमा खुराना जी के सहयोग एवं सुषम जी के निर्देशन में कथा-गोष्ठी (कहानी-वर्कशॉप) का आयोजन किया गया जिसमें कई सम्मानित, स्थापित एवं नए कथाकारों ने भाग लिया। सुषम जी येल विश्वविद्यालय में ‘राइटर इन रेज़िडेंस’ के तौर पर आमंत्रित थीं इसलिए इस बार वहीँ पर कथा गोष्ठी हुई और गोष्ठी का विषय था ‘डायस्पोरा से सम्बंधित कहानियां!’

इस कहानी-वर्कशॉप में सभी कथाकारों ने क्रम से अपनी लिखी हुई कहानी पढ़ी और हर कहानी सुनने के बाद श्रोताओं ने उस कहानी विशेष के बारे में अपना विचार व्यक्त किया और सुषम जी ने कहानी के विभिन्न पक्षों को ध्यान में रखते हुए टिपण्णी दी। कथा-गोष्ठी में येल विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में पढ़ाने वालों एवं कई हिंदी प्रेमिओं ने भाग लिया। इनमें सुषम बेदी और सीमा खुराना के साथ-साथ वरिष्ठ लेक्चरर गीतांजलि चंदा, स्वप्ना शर्मा, स्वदेश राणा, आस्था नवल, राधा गुप्ता, चारु अग्रवाल, राहुल बेदी, सुनील खुराना, संगीता जग्गी, विशाखा ठाकर, सविता नायक इत्यादि ने भाग लिया। इसके साथ ही येल विश्वविद्यालय के हिंदी पढ़ने वाले कुछ विद्यार्थियों, अखिल सूद, शौनक बक्शी, शांतनु गंगवार, आनंद खरे, स्मिता शुक्ला ने भी भाग लिया। कुछ कथाकार एवं भाग लेने वाले लोग काफी दूर से या दूसरे राज्यों से भी आये थे। पहले से कुछ अलग और विशेष यह था कि इस बार विद्यार्थिओं ने भी इस वर्कशॉप में हिस्सा लिया, सबकी कहानियां सुनीं और हर कहानी पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

कथा गोष्ठी का शुभारंभ करते हुए सुषम जी ने कहानी वर्कशॉप के विषय में कुछ शब्द कहे और फिर एक-एक करके सभी कथाकारों को अपनी कहानी पढ़ने के लिए आमंत्रित किया।

सर्प्रथम सविता नायक ने अपनी कहानी ‘वीकेंड’ पढ़ी। कहानी पर अपना विचार व्यक्त करते हुए सुषम जी ने कहा कि इस कहानी में यह बात उठाई गई है कि हर किसी में संवेदनशीलता तो रहती है पर कैसे सरोकार बदल जाते हैं।

तत्पश्चात आस्था नवल ने अपनी कहानी ‘एमी’ पढ़ी जो एक तलाकशुदा लड़की के बारे में है और पूछा कि वह इसको लेख कहें या कहानी कहें, क्या यह कहानी होगी? इस पर स्वदेश राणा जी ने कहा कि इस कहानी में संवेदनशीलता है और साथ में यह भी कहा कि अगर संवेदनशीलता हो तथा कलम उठाने की ताकत हो तो कहानी अपने आप बन जाती है।

सुषम जी ने कहानी पर अपना विचार अभिव्यक्त करते हुए कहा कि नए प्रवासी कहानीकार ‘ऑन लुकर’ की तरह होते हैं। उनकी भागीदारी जितनी अपनी संस्कृति में होती है उतनी भागीदारी यहाँ की ज़िंदगी में नहीं होती है इसलिए उनको कहानी ‘एमी’ ‘ऑन लुकर’ की दृष्टि से लिखी गई कहानी की तरह लगती है। आगे कहानी विषय पर चर्चा और अपने विचार व्यक्त करते हुए सुषम जी ने कहा कि कहानी पर अपनी ज़िंदगी की बातों का, पृष्ठभूमि का प्रभाव होता है। कोई भी कलाकार हो, उसकी कलाकृति या कहानी में उसकी पृष्ठभूमि रहती है।

तत्पश्चात स्वदेश राणा जी ने अपनी कहानी ‘निष्कलंकिनी’ की पृष्ठभूमि बताई। उन्होंने कथा गोष्ठी में अपनी कहानी के मुख्य पात्रों ‘अम्बुजम’, ‘फिलिप’ इत्यादि का परिचय दिया और कहानी के कुछ अंश पढ़े। सुषम जी ने कहा कि स्वदेश जी का ‘अंदाज़े बयान’ काबिले तारीफ़ होता है। अखिल सूद ने ‘निष्कलंकिनी’ कहानी के बारे में कहा कि वह इस कहानी से बहुत आनंदित हुए और जिस तरह से कहानी शुरू हुई, मुख्य पात्रों का परिचय इत्यादि जिस ढंग से बताया गया वह सब कुछ इतना समृद्ध लगा कि इस कहानी के कुछ अंश सुनना निसंदेह सम्मोहित कर देने वाला अनुभव था। सविता नायक ने कहा कि स्वदेश जी की कहानी की भाषा बहुत समृद्ध और विवरण शैली अद्भुत है। एक और प्रश्न के उत्तर में सुषम जी ने कहा कि लेखक ‘क्रिएट(सृजन) करता है। अतः लेखक अपने पात्रों को बनाता है पर वह पात्र स्वयं को खुद ही जीते हैं।’

कथा गोष्ठी के दूसरे भाग की शुरुआत में सर्वप्रथम विशाखा ठाकर ने अपनी कथांतर में प्रकाशित कहानी ‘गलीचा’ पढ़ी। सीमा खुराना ने अपनी कहानी ‘बूढ़ा शेर’ पढ़ी। सुषम बेदी ने अपनी कहानी ‘चेरी फूलों वाले दिन’ पढ़ी। विद्यार्थिओं ने तीनों कहानिओं पर एक साथ अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ‘गलीचा’ कहानी को रोमांचक, ‘बूढ़ा शेर’ कहानी को ‘संबंधों पर केंद्रित’ तथा ‘चेरी फूलों वाले दिन’ को भावपूर्ण और नाना-नानी एवं दादा-दादी की याद दिला देने वाली कहानी बताया। अखिल सूद ने ‘गलीचा’ कहानी के बारे में कहा कि यह एक सुखद कथा थी जिसकी कि शुरुआत ने ही सुन्दर ढंग से पूरी कहानी को स्वर प्रदान किया और सुनने वालों को सचेत रखा और कहा कि सुषम जी और सीमा जी की कहानियां अच्छी और भावपूर्ण थीं और कथा गोष्ठी में सभी लेखकों को सुनना निश्चय ही अच्छा अनुभव रहा।
 
कथा गोष्ठी में कहानी के विभिन्न भागों, लेखन प्रक्रिया इत्यादि पर हो रही चर्चा को सुनकर स्मिता शुक्ला ने कहा कि ‘कभी सोचा नहीं था कि कहानी के किरदारों के लिए इतना सोचना पड़ता है!’ और डायस्पोरा से सम्बंधित कहानिओं को सुनकर उन्होंने यह भी कहा कि ‘डायस्पोरा हमारी कहानी का हिस्सा है और वह कथा गोष्ठी में ऐसी कहानिओं को सुनकर स्वयं को उनसे ‘रीलेट’ (जुड़ा हुआ महसूस) कर पायीं।’

डायस्पोरा की बात पर गीतांजलि चंदा ने विद्यार्थिओं से उनका मत जानने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रश्न किया कि उन्होंने कहानी सुनने के बाद किस बात से जाना कि कहानी डायस्पोरा से सम्बंधित थी या नहीं? कुछ और लोगों ने भी ‘डायस्पोरा से जुड़ी कहानी’ को अधिक स्पष्ट भाव से जानना चाहा। इस विषय पर चर्चा हुई और स्पष्ट किया गया कि ‘डायस्पोरा’ वह स्थिति है जिसमें जब किसी एक संस्कृति के लोग दूसरी संस्कृति के लोगों से मिलते हैं तो जिस तरह से उस स्थिति को देखते, समझते और निभाते हैं, उन्हीं को दर्शाती/बताती हुई बातों/कहानिओं को हम ‘डायस्पोरा से सम्बंधित’ कहते हैं।

सीमा खुराना ने विद्यार्थिओं से उनका मत जानने के लिए प्रश्न किया कि क्या (उनके द्वारा) कहानी को पसंद करने के लिए उस कहानी का डायस्पोरा से सम्बंधित होना ज़रूरी है? इस प्रश्न के उत्तर में सभी छात्रों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की जिसका संक्षेप में निष्कर्ष यह रहा कि उनको प्रवासी जीवन के बारे में पढ़ना अच्छा लगता है मगर उनके द्वारा कहानी को पसंद करने के लिए हर कहानी का प्रवासी जीवन से जुड़ा होना आवश्यक नहीं है। अतः उनको ऐसी कहानी पढ़ना अच्छा लगता है जो रोचक हो और उनकी उत्सुकता को बनाए रखे।

सुषम जी ने कथा गोष्ठी के विषय में कहा कि कहानी वर्कशॉप शुरू करने का मुख्य उद्देश्य यही था कि लिखने वाले आपस में मिल कर चर्चा कर सकें। उन्होंने कहा कि जब लिखने और सुनने वाले मिलते हैं तो कई बार कहानीकार जो कुछ भी लिख रहा था उससे हटकर कुछ और लिखने का प्रयास भी करने लगता है और कहा कि यह बात उन्होंने स्वयं पर भी लागू होती पाई और इसीलिए इस बार उन्होंने पहले जैसे विषयों पर कहानी लिखने से हटकर एक अलग विषय पर कहानी लिखने की कोशिश की।

हर बार की तरह इस बार भी कथा गोष्ठी बहुत सफल रही। विस्तृत विचार-विमर्श एवं विद्यार्थिओं की सह-भागिता ने इसको अद्वितीय बना दिया। ‘कनेटिकट’ दूर होने की वजह से हिंदी, पंजाबी और उर्दू के कई रचनाकार एवं न्यू यॉर्क यूनिवर्सिटी और कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बहुत से साहित्य प्रेमी इस बार की कथा गोष्ठी में भाग नहीं ले सके और आशा करते हैं कि शीघ्र ही कथा गोष्ठी का आयोजन न्यू यॉर्क या किसी निकट स्थान पर भी होगा।

- सविता नायक

मंगलवार, 19 फरवरी 2013

कृष्ण बिहारी को सृजनगाथा सम्मान

१४ फरवरी २०१३, दुबई के इंपीरियल होटल स्यूइट्स में आयोजित एक भव्य समारोह में भारतीय दूतावास के डेप्युटी काउंसलर (कामर्स एवं आर टी आई) पी.के. अशोक बाबू के हाथों यूएई निवासी कथाकार श्री कृष्णबिहारी को सम्म्मानित किया गया। यह सम्मान सृजनगाथा द्वारा उनकी लम्बी एवं उत्कृष्ट साहित्य सेवा के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर १०० से अधिक भारतीय एवं युएई निवासी साहित्यकार, कलाकार एवं विशिष्ट नागरिक उपस्थित थे।

कृष्ण बिहारी हिन्दी के ऐसे पहले एवं एकमात्र लेखक हैं जिन्होंने अपनी सौ से अधिक कहानियों में संयुक्त अरब इमारात के जीवन को गहनता और विस्तार के साथ चित्रित किया है। अध्यापन एवं पत्रकारिता से जुड़े कृष्ण बिहारी की ख्याति उनकी कहानियों कि लिये हैं लेकिन उन्होंने कहानियों के अतिरिक्त कविता, एकांकी, उपन्यास और संस्मरण भी बखूबी लिखे हैं। वे संयुक्त अरब इमारात से निकलने वाली एक मात्र साहित्यिक पत्रिका 'निकट' के प्रकाशक व संपादक भी हैं।

रविवार, 13 जनवरी 2013

राजस्थान पत्रिका का सृजनात्मक साहित्य सम्मान-२०१३

जयपुर, ७ जनवरी २०१३ को जयपुर के भट्टारकजी की नसियां स्थित इन्द्रलोक सभागार में पं. झाबरमल्ल शर्मा स्मृति व्याख्यान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में सृजनात्मक साहित्य सम्मान-२०१३ के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

पत्रिका समूह के परशिष्टों में प्रकाशित होने वाली कहानियों और कविताओं में प्रथम और द्वितीय का चयन करके दोनों विधा के रचनाकारों को प्रतिवर्ष सम्मानित कर क्रमशः ग्यारह हजार और पाँच हजार रुपए की राशि भी भेंट की जाती है। इस साल कविता में प्रथम पुरस्कार अवनीश सिंह चौहान तथा द्वितीय पुरस्कार प्रीता भार्गव को दिया गया। कहानी में पहला पुरस्कार राहुल प्रकाश को तथा दूसरा पुरस्कार कथाकार मालचंद तिवाड़ी को दिया गया। कविता में पहला पुरस्कार प्राप्त करने वाले अवनीश सिंह चौहान युवा कवियों में अपना अहम स्थान रखते हैं। हमलोग परिशिष्ट में प्रकाशित उनके तीन गीत- 'किसको कौन उबारे', 'क्या कहे सुलेखा' तथा 'चिंताओं का बोझ- ज़िन्दगी' आम आदमी के संघर्ष और रोजी-रोटी के लिए उसके प्रयासों को रेखांकित करते हैं और भी कई अनकही पीड़ाओं को बयां करते हैं। अब अवनीश के ये गीत उनके सद्यः प्रकाशित संग्रह 'टुकड़ा कागज़ का' में संकलित हैं। आयोजन का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष जनरल वी.के. सिंह जी और गुलाब कोठारी जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वी.के. सिंह रहे जबकि पत्रिका समूह के प्रधान सम्पादक गुलाब कोठारी जी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

इस साल कहानी और कविता के निर्णायक मंडल में मशहूर व्यंग्यकार ज्ञान चतुर्वेदी, प्रसिद्ध कथाकार हबीब कैफी और प्रफुल्ल प्रभाकर तथा जस्टिस शिवकुमार शर्मा, अजहर हाशमी और प्रोफेसर माधव हाड़ा थे। पत्रिका समूह की ओर से दिए जाने वाले सृजनात्मक साहित्य पुरस्कारों के क्रम में यह सत्रहवें पुरस्कार हैं। ये पुरस्कार १९९६ से शुरू किये गये थे। इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राजस्थान पत्रिका के पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। आनंद जोशी, चाँद मोहम्मद, डॉ दुष्यंत, शालिनीजी एवं वर्षाजी का विशेष सहयोग रहा और आभार अभिव्यक्ति सुकुमार वर्मा ने की।
 
अवनीश 

बृहस्पतिवार, 10 जनवरी 2013

अनुराग सेवा संस्थान लालसोट द्वारा ११ साहित्यकारोँ का सम्मान

लालसोट, रविवार ६ जनवरी, अनुराग सेवा संस्थान लालसोट जिला दौसा राजस्थान द्वारा संस्कृत महाविद्यालय में को आयोजित एक भव्य समारोह में देश के ११ सहित्यकारोँ को उनकी विभिन्न विधाओं की साहित्यिक कृतियों के लिये ‘अनुराग साहित्य सम्मान २०१२ प्रदान किये गए।
 
शरद तैलंग को उनके व्यंग्य संग्रह ‘गुस्से में है भैँस, वरिष्ठ साहित्यकार ब्रजेन्द्र कौशिक को काव्य संग्रह ‘किस घाट उतरें , कथाकार अरनी रॉबर्ट्स को कहानी संग्रह ‘रास्ते अपने अपने, भगवती प्रसाद कुलश्रेष्ठ को ‘फिर पलाश दहके, डॉ बानो सरताज को ‘एक अनार सौ बीमार, विजया गोस्वामी को ‘माँ होने का सुख, कमल कपूर को ‘नीम अब भी हरा है, राम दयाल मेहरा को ‘नाविक होता पार नहीं, अशोक यादव को ‘लघु सी कथाएँ, डॉ प्रमोद कोवप्रत को ‘धरती और धड़कन तथा राजीव व्यास को ‘छोटी बात बडी बात’ कृतियों के लिये सम्मानित किया गया। इन्हें सम्मान स्वरूप २१०० रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, शॉल, नारियल एवं कलम भेट की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध साहित्यकार एवं कला समीक्षक हेमंत शेष तथा समारोह के अध्यक्ष लालसोट नगर पालिका के चेयरमेन दिनेश मिश्रा थे।
 
आयोजन समिति के संरक्षक गोपाल प्रसाद मुदगल, अध्यक्ष एवं साहित्यकार तारादत्त निर्विरोध तथा संस्था के सचिव श्याम सुन्दर शर्मा ने अपने प्रतिवेदन में संस्था की विभिन्न क्षेत्रों मे की गई गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर सम्मानित हुए रचनाकारों ने अपनी रचनाओँ का पाठ भी किया। कार्यक्रम में संयोजक सियाराम शर्मा, साहित्यकार प्रकाश परिमल, जया गोस्वामी, अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, बस्ती राम बस्ती, राजेन्द्र आज़ाद, राजेन्द्र यादव, अनुराग तथा बड़ी मात्रा में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का संयोजन विनीत उपाध्याय ने किया।

प्रस्तुति : शरद तैलंग

शरद तैलंग का व्यंग्य संग्रह ‘गुस्से में है भैंस’ लोकार्पित

कोटा, ५ जनवरी २०१३, राजस्थान साहित्य अकादमी उदयपुर तथा ‘काव्य मधुबन’ संस्था कोटा द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘अखिल भारतीय व्यंग्य समारोह’ में  व्यंग्यकार शरद तैलंग के व्यंग्य संग्रह ‘गुस्से मेँ है भैंस’ का लोकार्पण प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरीश नवल तथा प्रदीप पंत द्वारा किया गया ।

इस संग्रह मेँ तैलंग के २३ व्यंग्य शामिल हैँ । इस अवसर पर आयोजित समारोह में पूरे देश से आए हुए लगभग २५ से अधिक व्यंग्यकार, राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष वेद व्यास, व्यंग्य यात्रा के सम्पादक डॉ प्रेम जन्मेजय, काव्य मधुवन के अध्यक्ष डॉ अतुल चतुर्वेदी तथा कोटा के अनेक साहित्यकार उपस्थित थे ।